Posts

सुबह-सुबह तो दिन था....

रित रहा है धीरे-धीरे आसमां खाली हो रहें हैं देखो तारे... छिपती फिर रही है कहीं हवा और देखो आज तो अंधेरा भी सहमा-सहमा सा है! ये भला कौन सा दिन है-किसके नाम की घड़ी है ये... कौन सा पहर है... सुबह-सुबह तो दिन था.... दोपहर थी- शाम भी हुई... अब रात है.... और सुनो..... आगे सहर है !
एक रूमानी सपना तुम्हारे संग... तुम्हारे बिना जब भी देखा है रंग भरे हैं तुमने... सपनों में आकर और भरते गये हो। कितने इंद्रधनुष हैं अब रात में मेरी!!!! सारा घना आसमां जैसे अटा पड़ा है............... .............................. अधूरी कविता.....

मुस्कुरा दो...

मुस्कुरा दो... के बदली नहीं है आसमां में कोई... अब जादूगर हो तो जादू करते रहा करो।

सब गीली मिट्टी से ही रचता है

खुशियाँ काफ़ूर होती देखीं हैं बनते देखा है सपनों को..... ईंट हो या स्वप्न भाव हो या अपनापन सब गीली मिट्टी से ही रचता है। और बरसात इसीलिए होती है शायद!

रिश्तों की बनावट

रिश्तों की बनावट लिखावट और बुनावट.... समझने में बीत जाती हैं कितनी घड़ियाँ कितने पहर कितने पल और रास्ते बादल-बादल के यूँ... आना-जाना लगा रहता है। पहेलियों की इस बारहखड़ी में नाजाने कहाँ से अक्सर आ जाते हैं... कहाँ से मतलब..... और मैं.... उलझ जाता हूँ उलझा रहता हूँ कब तक सब तक

आओ कुछ और बात करें

साथी! आओ कुछ और बात करें... रिते हुए इस आँगन को फिर से भरें।   सजा लें रंगों की भीनी - भीनी ख़ुशबू.... मुस्कान में आज कुछ ख़ास रंग भरें।

आ जाना के तुम भी, इस बार की बारिश में घर में कुछ तो नया होगा दिखाने को॥

नयी बारिश में भी याद करता है मौसम पुराने को॥ कुछ तो नया कहदे - नयी महफ़िल में सुनाने को॥   आहट सावन की तुमसे कितनी मिलती-जुलती है तुम्हारी तरह , बड़ा अज़ीज़ है , ये भी ज़माने को॥ हर मौसम की दावत में ये ज़रूर शरीक होता है अजब रंग रखता है आसमां , हमें लुभाने को॥ आ जाना के तुम भी , इस बार की बारिश में घर में कुछ तो नया होगा दिखाने को॥ ‘ शिख़र ’ हमने तो ख़ुद को कुछ भी कहना कम किया , क्या जल्दी है भला , उम्र पड़ी है सारी कमाने को॥

अब भला दिन है क्या और धूप है क्या.

बोलता है तो पता लगता है ज़ख्म उसका भी नया लगता है। सुनता नहीं है जब वो कोई बात मेरी , ख़ुदा कसम -बिलकुल-ख़ुदा लगता है। मुहब्बतों की परख ना जाने कौन करे ? दावा-ए-उल्फ़त हो गया हवा... लगता है। मैं तुमसे कुछ पूछूं और तुम खामोश रहो ! ऐसा तो-सच कहूँ- ख्वाब भी सज़ा लगता है। अब भला दिन है क्या और धूप है क्या... ?! चल ' शिख़र ' काम पे चल- सूरज चढ़ा लगता है।

अच्छे साथियों का साथ तो... सबको ही अच्छा लगता है।

दो ज़बानें अलग अलग तौर-तरीके अपने अपने ढंग जीने के मरने के। बातों में छुपे मतलब भी भिन्न-भिन्न कागज़ अलग-वर्ण और शब्द भी अलग। नाम भी एक जैसा नहीं... और दाम भी नहीं एक सा..... फिर भला इतना अपनापन.... कहाँ बोया- कहाँ से उग आया है ये... इतनी हथेलियों का साथ.... जैसे मेरी किसी भी कमज़ोर लकीर को तुरंत नया- सार्थक विकल्प देने को आतुर मेरे इतने अपने... हैं। अच्छा लगता है। अच्छे साथियों का साथ तो... सबको ही अच्छा लगता है।

एक शब्द कहीं से मिला....

सीप की तलाश में भला मैदान वाले किधर जायें॥ .... मोतियों की तो खरीददारी संभव है पर जनक उनका फिर भी दूर हमसे... और हम दंभ भरते हैं... विकास का...

कितने भी रंग सजा लूँ...

तुम्हारे ना होने की भरपाई कहाँ कर सकता है कुछ... कितने भी रंग सजा लूँ... एक तुम्हारे रंग बिना ये पूरा इंद्रधनुष धूमिल सा लगता है... फीका लगता तो मैं रंग और भर देता!!! तर्क-वितर्क , प्रश्न-उत्तर , सब विवश हैं... बिन बताये चुप हुए हो- देखो मौसम से शिकायत है मुझे रूठा हूँ मैं हवाओं से और अपनी कविताओं से तुम्हें कुछ बुरा लगा होगा... या बहुत अच्छा नहीं लगा होगा कुछ मेरा कहा... वही रंग बता दो मुझे- मैं निकाल दूँ उसे अपने बीच से और पा लूँ वही इंद्रधनुष साथ का॥ जिसमें भरोसा तो है- समझ तो है साथ तो है!!!

मैं वही चारदीवारी हूँ...! तुम्हारी अपनी...

मैं वही चारदीवारी हूँ...! तुम्हारी अपनी... पहली , मैं वो दीवार हूँ जिसमें दरवाज़ा है अधखुला - सा एक... उसके पीछे छिपे हैं कितने जीवन- कितने दिन-और शाम तुम्हारी। रंग है फीका मेरा लेकिन आना-जाना घना रहा है॥ तुम्हारा सिरहाना देखो बनता था उस ओर... जागे-सोये कितनी रातें कितनी-कितनी...बहुत हैं बातें! कितने सपने... कितने सांझे और कितने अपने... जब बैचेन होते , तो सिरहाने से मुँह फेर के सोते थे तुम ! तीसरी ओर देखो आकर... ये दीवार है फिर भी- खिड़की सी कहलाती है... अपनी सी हवाएँ....ख़ुशबू....गर्मी-सर्दी हर मौसम यहीं से आती हैं। तुमसे बातें करते-करते देखो टोक रहे हैं मुझे कोने अभी.... कहते हैं हममें जुड़ती है दीवारें... हमें भी करने दो बातें तुमसे! ........... ये जो चौथी दीवार है अपनी... इस पर पीठ सटाकर तुम घंटों बैठा करते थे.... बतियाते थे किसी अपने से !!! जब-जब साथी नाराज़ हुआ तो मुझको देखा करते थे... मुझ पर कितनी बातें लिखते... और हटाया करते तुम !! रूठे नहीं देखा तुम्हें कभी.... मगर उसे बहुत मनाया करते तुम॥ ................ म...

ये वापसी का सफ़र

ये वापसी का सफ़र बेशक मांगा था कभी... पर—आज ना दे मुझे! मैं वापस लेता हूँ वो दुआ अपनी ....! अब कितनी यादें हैं मुझे रोकने को। क्या पता कैसी ये हालत है मन की आज ??? देखा था मैंने बहुतों को जाते हुए इस गुलिस्ताँ से... मगर..... आज मुझे जाना है....!!!!!! कैसे रितकर जाते थे वो साथी मेरे... कैसे करते थे कोशिश... जल्दी-जल्दी सामान समेटने की... हर वो सजाई हुई बात.... वो चीज़ें... कैसे उठाऊँ भला.... !!!! देखो !!!! मुझसे नहीं उतर रहा ये कागज़ दीवार से..... देखो , वहाँ ऊपर हाथ नहीं पहुँच रहा मेरा.... हाथ बटाओ मेरा॥ मेरे दोस्त॥ साथी॥ कितना मुश्किल है तुमसे अलग होना... मैं खाली होता हूँ सफ़र में आज.... ...... सोचता हूँ..... जब पहुंचुंगा घर की दहलीज़ पर तो खाली हो चुका होऊँगा तब तक!!!

तुमसे कुछ-कुछ कहा... मगर कितना कुछ रहा॥

बहुत सी बातें तो सिर्फ ख्यालों में ही रह  गईं... ना तुम तक पहुंची-ना कही गयी मुझसे! कितनी बार सुबह उठते ही जगाया है साथ तुम्हें और गया हूँ साथ-साथ टहलने। कई बार टकराईं हैं कोहनियाँ हमारी   और सकुचाये हो तुम , और मैं भी। कितनी बार मैंने कहा तुमसे कि मेरे साथ रहो। कितनी बार तुम्हें देखकर उदास , मैंने रखी है अपनी हथेली तुम्हारी उँगलियों पर। कई-कई बार घनी धूप से तुम्हें ढांपने को तुम्हारे और सूरज के बीच आया हूँ मैं। सब हुआ है ये- हमारे तुम्हारे बीच पर सिर्फ़ ख्यालों में सिमटा है ।   एहसास तो अब भी उतना ही जीवंत हैं मुझे...   तुम्हारे स्पर्श का। कभी कह नहीं पाया के तुम्हारी और मेरी हथेली में कुछ लकीरें एक जैसी दिखती हैं। तुम्हारा लहज़ा मुझ सा लगता है कभी कभार॥ कुछ भी तो नहीं कहा तुमसे ना तुम बोले कितने ख्याल रहें हैं बिन कहे... कितने दरबान बैठाये हैं एक दहलीज़ पर  हमने... ना तुमने इन्हें जाने को कहा- ना मेरी जुर्रत हुई। तुमसे कुछ-कुछ कहा... मगर कितना कुछ रहा॥

तुम कितने अपने हो, देखो...

कहना हक़ से सब और फिर दे देना जवाब जवाबदेही से. ‘ मर्ज़ी है मानो या नहीं..... ... मैं हूँ ही कौन... ’ तुम्हारा ये कहना कितना अपना बना देता है तुम्हें.. तुम नहीं जानते! नहीं जानते हो तुम , कि मैं निहारता हूँ तुम्हें और सोचता भी हूँ.... जीवन के चौराहे पे मेरा नियंत्रण सही...मगर कुल मिलाकर तीन और तीन - छह  लकीरें ही तो हैं जिन्हें जानने का दावा है मेरा... पर ये तक तो पता नहीं के तुम हो इनमें या नहीं... तुम्हारे होने से है ये सब- नहीं तो मेरा जीवन चौसर मात्र है.. जिसमें कोई भी दाव लग सकता है मुकर भी सकता है कोई...! तुम कितने अपने हो , देखो... इधर-उधर की सब बातें बेतरतीब तरीके से सुना देता हूँ तुम्हें.. और तुम कुछ नहीं कहते.. सुन लेते हो .

सपनों वाली मिट्टी का ही बना हूँ मैं....

किस मिट्टी के बने होते हैं सपने ना भीगते हैं ना हैं सुखते , ना रंग फ़ीका पड़ता है और ना चड़ता है कोई और रंग... ना दुखती हैं आँखें देखते रहो बेशक टकटकी लगाकर... किरदारों की अदला-बदली में भी ढूढ़ लेते हैं हम अपनापन... अनोखापन. कितनी मीठी होती है वो कोशिश जब फिर से बोना चाहते हैं सपनों में सपने... झटक कर खुल जाती  हैं  अगर आँखें झपक कर करते हैं बंद फिर से... उसी स्वप्न में जीने के लिए... उसी पात्र से मिलने के लिए जिसे मिलते भी हैं रोज़.. पर नहीं कर पाते सारी बातें... मेरे ही जैसा है जीवन सपनों का या सपनों वाली मिट्टी का ही बना हूँ मैं.... ना गलता हूँ ना सूखता ना याद आता हूँ ना भूलता...

क्या अभी तक फैला रखा है तुमने आँचल अपना आसमाँ पर..

क्या अभी तक फैला रखा है तुमने आँचल अपना आसमाँ पर....! ? क्या अब भी हल्के-हल्के मुस्कुरा रहे हो तुम..! ? मेरे शहर में... हल्की बूंदा-बाँदी है अभी. . और आसमाँ पे घना-सा एक आँचल है कोई.. तुम हो क्या ! मेरे आस-पास... सावन की इस आहट के साथ तुम तो नहीं आए हो ना ? ..... तुम्हें पसंद रहा है किसी वक़्त... दबे पाँव आना और हैरान करना मुझे.... आज भी..हर बार की तरह पहचाने जा रहे हो तुम.... तुम्हारे आँचल में चमकीले सितारे हैं.. कुछ चाँद हैं... जो यकायक दमक उठते हैं ,,,, और मैं निहारने लगता हूँ.. भीगने लगता हूँ... तुम्हारी मुस्कुराहटों में . समेट लो ना आँचल... पर मुस्कुराते रहो... बहुत सुंदर लगते हो... सच में.. बहुत !!!!

मन की बात तो आज भी कहनी पड़ती है....

जीवन की तुकबंदी...!!! कैसे-कैसे बन्द बनाती हैं जीवन की ये बारहखड़ी.... सब तरह की व्याकरण.... तरह-तरह की मात्राएं... कभी अर्ध-विराम और कभी पूर्ण... बिन बताये प्रश्नचिन्ह.... ............. फिर भी खुशियों के लिए कोई symbol नहीं है दो-तीन चिन्हों को मिलाकर मुस्कुराहटें बना तो देते हैं... फिर भी कितना मुश्किल है भावनाओं को- अपनेपन को मशीनी लिखावट में पिरोना... । मन की बात तो आज भी कहनी पड़ती है.... मन से मन तक....